घर बैठे ऑनलाइन जमा करें वाहन का ई-चालान, ट्रैफिक पुलिस ने बताई पूरी प्रक्रिया

फर्जी लिंक और वेबसाइट से रहें सावधान, ई-चालान भुगतान के लिए केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का करें इस्तेमाल

घर बैठे ऑनलाइन जमा करें वाहन का ई-चालान, ट्रैफिक पुलिस ने बताई पूरी प्रक्रिया

दुर्ग। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने ई-चालान की ऑनलाइन जांच और भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी साझा की है। अब वाहन चालक अपने मोबाइल के माध्यम से घर बैठे ही वाहन पर दर्ज ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर UPI, PhonePe, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान कर सकते हैं।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट **https://echallan.parivahan.gov.in** के माध्यम से ही करें। किसी व्हाट्सएप मैसेज, फर्जी लिंक, अनजान कॉल या संदिग्ध संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक कर बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

ई-चालान चेक करने की प्रक्रिया

वाहन चालक सबसे पहले अपने मोबाइल में Google खोलकर E-Challan सर्च करें। इसके बाद परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Pay Challan विकल्प चुनें।

वेबसाइट पर वाहन के आइकन पर क्लिक कर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाला CAPTCHA भरकर Get Detail पर क्लिक करें। इसके बाद वाहन पर दर्ज चालानों की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसमें चालान नंबर, चालान करने वाले विभाग, तारीख और जुर्माने की राशि जैसी जानकारी उपलब्ध होगी।

ऑनलाइन भुगतान कैसे करें?

जिस चालान का भुगतान करना है, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स पर क्लिक करें और Pay Now विकल्प चुनें। इसके बाद पेमेंट गेटवे में उपलब्ध विकल्प के अनुसार Direct Payment पर क्लिक कर नियम एवं शर्तों को स्वीकार करते हुए Submit करें।

इसके बाद UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे भुगतान विकल्प उपलब्ध होंगे। UPI से भुगतान करने पर QR कोड स्कैन कर PhonePe, Google Pay अथवा अन्य UPI ऐप के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है।

भुगतान की रसीद जरूर रखें

भुगतान सफल होने के बाद स्क्रीन पर Successfully Received का संदेश दिखाई देगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर और भुगतान संबंधी जानकारी उपलब्ध रहेगी। पेज को नीचे स्क्रॉल कर Generate/Print Receipt विकल्प पर क्लिक करके भुगतान की रसीद डाउनलोड की जा सकती है। वाहन चालक रसीद का स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रख सकते हैं।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहन के ई-चालान की स्थिति जांचते रहें और लंबित चालानों का निर्धारित समय पर भुगतान करें। भुगतान के बाद रसीद सुरक्षित रखें तथा किसी भी फर्जी वेबसाइट या संदिग्ध लिंक से भुगतान करने से बचें।

वेबसाइट लिंक

???? आधिकारिक ई-चालान पोर्टल:

https://echallan.parivahan.gov.in⁠