देव दीपावली पर ‘दिशा’ ने बांटी खुशियां, विशेष जरूरतमंदों के बीच मनाया सेवा का पर्व

सेक्टर-3 भिलाई स्थित ‘फील परमार्थम’ में सेवा अभियान, एडल्ट डायपर सहित फल, लिक्विड सोप और फिनाइल वितरित; गीत-संगीत और खेल के जरिए बांटी आत्मीयता

देव दीपावली पर ‘दिशा’ ने बांटी खुशियां, विशेष जरूरतमंदों के बीच मनाया सेवा का पर्व

भिलाई। देव दीपावली के पावन अवसर पर सामाजिक सेवा संस्था ‘दिशा’ ने सेवा, संवेदना और मानवीय सरोकारों की मिसाल पेश की। संस्था के सदस्यों ने सेक्टर-3, भिलाई स्थित मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं बीमार लोगों के आश्रय स्थल ‘फील परमार्थम’ पहुंचकर सेवा अभियान चलाया। इस दौरान आश्रय स्थल में रह रहे लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एडल्ट डायपर, फल, लिक्विड सोप एवं फिनाइल का वितरण किया गया।

ठंड के मौसम में विशेष जरूरत वाले लोगों की देखभाल और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए एडल्ट डायपर उपलब्ध कराए गए। संस्था के सदस्यों ने सामग्री वितरण के साथ ही आश्रय स्थल में रह रहे लोगों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां बांटने का प्रयास किया। इस दौरान खेल-कूद, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से खुशनुमा माहौल बनाया गया। सदस्यों ने लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्नेह एवं अपनत्व के साथ उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। कुछ समय के लिए आश्रय स्थल का वातावरण उल्लास और आत्मीयता से भर उठा। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने संदेश दिया कि समाज के विशेष जरूरतमंद लोगों को केवल आवश्यक वस्तुओं की ही नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान, अपनत्व और भावनात्मक सहयोग की भी जरूरत होती है। किसी के जीवन में थोड़ी खुशी और चेहरे पर मुस्कान लाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। इस सेवा अभियान में दिशा के श्री शैलेश दशोरे, सुजीत चक्रवर्ती, विजय दाबरकर, शांतनु दासगुप्ता, मोहन गिरी, कल्याण राय, रामजी सिन्हा, देबाशीष मजूमदार, अशोक निम्बरते, भास्कर देवनाथ, जी.एस. संधू, दुष्यंत तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ‘फील परमार्थम’ के संस्थापक श्री अमित राज ने दिशा के सदस्यों के संवेदनशील प्रयास, सहयोग और आत्मीय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।