स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार; 40 लाख का मशरूका जब्त

खुर्सीपार में नशे के कारोबार पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी महिला से लेकर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंची पुलिस; 70.460 ग्राम हेरोइन, 19 सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और हुंडई कार जब्त

स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार; 40 लाख का मशरूका जब्त

भिलाई। दुर्ग जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध हेरोइन (चिट्टा) कारोबार के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए अब तक 11 वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 70.460 ग्राम हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, हुंडई आई-20 कार सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को हुई थी। खुर्सीपार के जोन क्रमांक 3 स्थित जीरो स्ट्रीट में एक मकान में अवैध रूप से हेरोइन बेचने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी थी। इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, मेमोरेंडम कथनों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक-एक कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की और गिरफ्तारियां कीं। ताजा कार्रवाई में 24 नवंबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मकान में चल रहा था चिट्टा बिक्री का कारोबार, महिला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को थाना खुर्सीपार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक 3, जीरो स्ट्रीट स्थित जसबीर कौर के मकान में हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई गई। इसके अलावा चिट्टा बिक्री की 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद राशि, 19 नग सोने के आभूषण, करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण एवं बर्तन, आठ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया।

इस प्रारंभिक कार्रवाई में जब्त सामग्री की कुल कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख), 27(क), 29 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 78 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पूछताछ में खुलती गई नेटवर्क की कड़ियां, एक के बाद एक गिरफ्तारियां

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 19 सितंबर को जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो अपचारी बालकों को पकड़ा गया था।

इसके बाद 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया। 6 अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन पुलिस की गिरफ्त में आया। इसके बाद मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को भी गिरफ्तार किया गया।

24 नवंबर को दो और आरोपी गिरफ्तार, 10.73 लाख की सामग्री जब्त

मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर को पुलिस ने रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से चिट्टा बिक्री की 3,500 रुपये नकद राशि, मोटोरोला जी-06 पावर मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये, ओप्पो रेनो-16 5जी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 60 हजार रुपये, तथा हुंडई आई-20 कार क्रमांक CG-07-BG-6740, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा फाइल पेपर रोल भी बरामद किया गया। इस कार्रवाई में कुल 10 लाख 73 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई। इस तरह अब तक की पूरी कार्रवाई में 11 वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोगों को पकड़ा जा चुका है।