विश्व कप सेमीफाइनल में आज फ्रांस और स्पेन की टक्कर, होगी सुपरस्टारों की भिड़ंत

फीफा विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट में अब सिर्फ चार टीमें बची हैं और विश्व विजेता बनने की जंग शुरू हो चुकी है। पहला सेमीफाइनल यूरोप की दो ताकतवर टीमों फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। फ्रांस और स्पेन के बीच यह हाई वोल्टेज मुकाबला भारतीय समयानुसार 15 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है।

फ्रांस की नजर लगातार तीसरी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचने का इतिहास रचने पर होगी। वहीं मौजूदा यूरोपीय चैंपियन स्पेन अपने दूसरे विश्व कप खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगा। इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत होगी दो पीढ़ियों के सुपरस्टारों की टक्कर। एक ओर फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे होंगे, तो दूसरी ओर स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल अपनी टीम की उम्मीदों का भार संभालेंगे।
दूसरा सेमीफाइनल अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार 16 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीतने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर खिताब के करीब पहुंचना चाहेगा।
