नशे में स्कूल बस चला रहे थे ड्राइवर, 2 बसें जब्त, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

सुबह-सुबह ट्रैफिक पुलिस की जांच में हेरिटेज और RISE N SHINE स्कूल के चालक शराब के प्रभाव में मिले; दोनों पर धारा 185 MV Act के तहत कार्रवाई

नशे में स्कूल बस चला रहे थे ड्राइवर, 2 बसें जब्त, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

दुर्ग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग के नियमित जांच अभियान में बड़ा खुलासा हुआ है। हेरिटेज स्कूल और RISE N SHINE स्कूल की बसों के दो चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में शराब का सेवन पाए जाने के बाद यातायात पुलिस ने दोनों स्कूल बसों को जब्त कर लिया और चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। सुबह के समय जब स्कूल बसें बच्चों को लेकर सड़क पर निकलती हैं, उसी दौरान चालकों का नशे की हालत में वाहन चलाना बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।

सुबह 6 बजे से होती है जांच

स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से स्कूल बस और वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 27 अगस्त की सुबह सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू और यातायात पुलिस टीम ने स्कूल वाहनों की जांच की। जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल और RISE N SHINE स्कूल की बसों के चालकों का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया। जांच में दोनों चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते मिले।

दोनों बसें तत्काल जब्त

मामला सामने आते ही यातायात पुलिस ने दोनों स्कूल बसों को जब्त कर लिया। चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। नशे की हालत में स्कूल बस चलाना सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इसमें बच्चों की जान को सीधे खतरे में डालने का मामला भी जुड़ा है।

स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस

कार्रवाई सिर्फ बस चालकों तक सीमित नहीं रखी गई है। यातायात पुलिस ने संबंधित दोनों स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

एक भारी वाहन चालक भी नशे में मिला

इसी जांच अभियान के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक भी शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाया गया। उसके खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।