दुर्ग में 40 मेडिकल फर्मों का निरीक्षण, आठ दुकानों पर निलंबन की कार्रवाई
रिकॉर्ड में गड़बड़ी और फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति पर तीन मेडिकल स्टोर्स को नोटिस, पान ठेलों पर भी कार्रवाई









दुर्ग। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में दवाओं की बिक्री और मेडिकल फर्मों के संचालन में नियमों के पालन की जांच के लिए 40 मेडिकल फर्मों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ दुकानों में औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी रिकॉर्ड और शेड्यूल एच-1 के दस्तावेजों का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया। वहीं, एक मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला। विभाग ने संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर दो मेडिकल स्टोर्स को नोटिस
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, धमधा ब्लॉक के ग्राम पेंडरी गोबरा स्थित मां कमला मेडिकल स्टोर्स और आशा लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड तथा शेड्यूल एच-1 के रिकॉर्ड का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया। इस पर दोनों फर्मों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। इसी प्रकार नेहरू नगर स्थित दिशा मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला। विभाग ने इस फर्म को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आठ मेडिकल फर्मों पर निलंबन की कार्रवाई
विभाग ने बताया कि पिछले महीने किए गए निरीक्षणों में भी कुछ मेडिकल फर्मों के रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गई थीं। संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद आठ फर्मों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इनमें न्यू भावना मेडिकल स्टोर्स बोरसीभाठा दुर्ग, मां हरसिद्धि मेडिकोज बोरसी दुर्ग, श्रीवेदिका मेडिकल स्टोर्स कुम्हारी, मां लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स सिरसारोड कोहका, प्रशांत मेडिकल तितुरडीह, मनीष मेडिकल परमार गली कैलाशनगर, गुरुदेव मेडिकोज ग्राम कातरो और प्रधानमंत्री जन औषधि स्टोर्स जलेबी चौक भिलाई शामिल हैं।
पान ठेलों पर 11 चालानी कार्रवाई
औषधियों की दुकानों के निरीक्षण के साथ विभाग ने कोटपा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की। गंजपारा दुर्ग क्षेत्र में संचालित विभिन्न पान ठेलों पर 11 चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस पूरी कार्रवाई में औषधि निरीक्षक जागेश्वरी साहू, विष्णु प्रसाद साहू और चंद्रकला ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
