50 लाख एडवांस लेकर मकान दूसरे को बेचा, सुपेला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

55 लाख में हुआ था सौदा, 9 चेक से लिए थे 50 लाख रुपये; रकम फैक्ट्री में निवेश करने की बात कबूली

50 लाख एडवांस लेकर मकान दूसरे को बेचा, सुपेला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में मकान बिक्री का इकरारनामा करने के बाद खरीदारों से 50 लाख रुपये एडवांस लेकर उसी संपत्ति को दूसरे व्यक्ति को बेचने के मामले में सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी इन्द्रजीत सिंह (41) को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

55 लाख में तय हुआ था मकान का सौदा

पुलिस के मुताबिक सुंदर लाल पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, छत्रपति सिंह एवं शिवशंकर यादव ने सुपेला थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने इन्द्रजीत सिंह से प्लाट नंबर 08, ब्लॉक नंबर 23, वार्ड क्रमांक 25, जवाहर नगर आवासीय योजना, सुपेला स्थित मकान को 55 लाख रुपये में खरीदने का सौदा 26 नवंबर 2024 को किया था।

सौदे के तहत खरीदारों ने 26 और 27 नवंबर को कुल 9 चेक के जरिए 50 लाख रुपये एडवांस के रूप में आरोपी को दिए थे। इसके बाद 28 नवंबर 2024 को 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटराइज्ड विक्रय इकरारनामा भी कराया गया था।

इकरार के बाद दूसरे को बेच दिया मकान

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने इसी मकान को बाद में 17 अप्रैल 2026 को 44.26 लाख रुपये में विशाल सिंह को बेच दिया। यानी जिस संपत्ति के लिए पहले ही 50 लाख रुपये एडवांस लिए जा चुके थे, उसका बाद में दूसरे व्यक्ति के पक्ष में विक्रय कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि मूल विक्रय विलेख के गुम होने की रिपोर्ट आरोपी ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना छावनी में दर्ज कराई थी।

50 लाख रुपये फैक्ट्री में लगाने की बात

सुपेला पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके कब्जे से मूल विक्रय इकरारनामा जब्त किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खरीदारों से 50 लाख रुपये प्राप्त करने और बाद में संपत्ति दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि प्राप्त रकम को उसने ग्राम हथखोज स्थित अपनी लोहे के बोल्ट और लोहे की कील निर्माण फैक्ट्री में निवेश किया था।

दस्तावेजी साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान पुलिस ने नोटराइज्ड विक्रय इकरारनामा, भुगतान से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी इन्द्रजीत सिंह, निवासी कैलाश नगर, प्लाट नंबर 1596/02, मोहनी मंगलम् के पास, थाना जामुल, जिला दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मूल नोटराइज्ड विक्रय इकरारनामा एवं प्रकरण से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए हैं।

मॉडस ऑपरेंडी

आरोपी ने पहले मकान को 55 लाख रुपये में बेचने का इकरार किया। खरीदारों से 50 लाख रुपये एडवांस लेने के बाद पूर्व इकरार की शर्तों के विपरीत उसी संपत्ति को दूसरे व्यक्ति को बेच दिया।