पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी जिले के कुरूद में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 27 मार्च की शाम करीब 7 बजे की है, जब बालाजी नगर निवासी वेंकटेश ध्रुव अपने साथी तोषण सिन्हा के साथ वर्मा गैरेज के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने मौजूद था। इसी दौरान अमन चन्द्राकर और मेहुल चन्द्राकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ते ही दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच और धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में तोषण सिन्हा के पेट में वार किया गया, जबकि पीठ और कंधे पर भी गंभीर चोट पहुंचाई गई। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरूद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। वैज्ञानिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर छत्तीसगढ़ ढाबा के पास झाड़ियों से घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमन चन्द्राकर (29) और मेहुल चन्द्राकर (28) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी पहले से रहा है।