जन्मदिन के बहाने प्रेमिका को होटल बुलाया, दुष्कर्म के बाद विरोध करने पर दीवार में मारा सिर; युवती की मौत
21 वर्षीय युवती की मौत का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस पूछताछ में प्रेमी ने कबूला जुर्म; साथी फरार

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में होटल में 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती को उसके प्रेमी ने जन्मदिन मनाने के बहाने होटल में बुलाया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती का सिर दीवार में दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी राहुल उर्फ नितिन यादव, निवासी विजेंद्र कॉलोनी, शिकोहाबाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं वारदात में सहयोग करने वाला उसका साथी अभिषेक, निवासी सलेमपुर, फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रक्षाबंधन पर गांव लौट रही थी युवती
पुलिस के अनुसार, मृतका अनुसूचित जाति की 21 वर्षीय युवती गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में नौकरी करती थी। उसने 12वीं तक की पढ़ाई आरोपी राहुल के साथ की थी। इसके बाद उसने बीएससी बायो की पढ़ाई करने के साथ नर्सिंग का सर्टिफिकेट कोर्स किया था। रक्षाबंधन के मौके पर युवती गुरुग्राम से अपने गांव नसीरपुर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने जन्मदिन का हवाला देकर घर जाने से रोक लिया और मिलने के लिए बुलाया।
दोस्त के जरिए होटल में बुक कराया कमरा
पुलिस पूछताछ में राहुल ने कथित तौर पर बताया कि 26 अगस्त को उसका जन्मदिन था। उसने अपने दोस्त अभिषेक के जरिए शिकोहाबाद के मईयामई स्थित एक होटल में कमरा किराए पर लिया था। अभिषेक को होटल के बाहर पहरेदारी के लिए बैठाया गया था। आरोपी के अनुसार, होटल के कमरे में उसने शक्तिवर्धक दवा का सेवन किया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। रात करीब ढाई बजे उसने दोबारा दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
विरोध करने पर दीवार में दे मारा सिर
पुलिस के मुताबिक, युवती के विरोध से बौखलाए राहुल ने उसका सिर उठाकर दीवार में दे मारा। सिर में गंभीर चोट लगने के साथ ही युवती को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और वह अचेत हो गई। इसके बाद रात करीब तीन बजे राहुल और उसका साथी अभिषेक युवती को बाइक पर बीच में बैठाकर शिकोहाबाद मंडी के पास स्थित अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।
डायल-112 की टीम को देखते ही भागा साथी
पुलिस के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के दौरान डायल-112 की पुलिस टीम को देखकर अभिषेक मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में राहुल ने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी अभिषेक की तलाश जारी है।
पुलिस की जांच जारी
मामले में पुलिस होटल, घटनास्थल और अस्पताल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच में शामिल कर रही है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
