फैक्ट्री की दीवार फांदकर कॉपर केबल चोरी,5 नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार के मिन्नी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में दीवार फांदकर कॉपर पट्टी और कॉपर केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में पांच अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 90 हजार रुपए की चोरी की सामग्री बरामद की है।
रात में दीवार फांदकर फैक्ट्री में घुसे
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात करीब 12:50 बजे के बाद अज्ञात चोर मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट-93, खुर्सीपार स्थित फैक्ट्री की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद फैक्ट्री से कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन की कॉपर केबल, कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल समेत अन्य सामग्री चोरी कर ले गए। 25 अगस्त को प्रार्थी विक्रांत अग्रवाल ने खुर्सीपार थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गई सामग्री की कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संदेहियों से पूछताछ में खुला राज
इंडस्ट्रियल क्षेत्र में लगातार हो रही कॉपर केबल चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाई। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में चोरी की कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन और कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल समेत करीब 90 हजार रुपए की सामग्री बरामद की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पवन राजभर (22), निवासी राम जानकी मंदिर, बालाजी नगर, खुर्सीपार, भिलाई और बिराज निर्मलकर (19), निवासी दुर्गा मंदिर, नंदईया पारा, खुर्सीपार, भिलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं पांच अपचारी बालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
मॉडस ऑपरेंडी: आरोपी सुनसान इंडस्ट्रियल क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों को निशाना बनाते थे। रात के समय दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश करते और वहां रखी कॉपर पट्टी, कॉपर केबल तथा अन्य धातु सामग्री चोरी कर ले जाते थे।
