सड़क पर वाहन खड़ा कर मचा रहे थे विवाद, दो चालकों पर केस, पांच के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
फुण्डा पेट्रोल पंप के पास आवागमन बाधित करने पर पाटन पुलिस की कार्रवाई, 19 लाख के दो वाहन जब्त

पाटन। ग्राम फुण्डा पेट्रोल पंप के पास आम सड़क पर वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने और विवाद की स्थिति पैदा करने के मामले में पाटन पुलिस ने दो वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों चालकों समेत पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से एक पीकप और एक आईचर ट्रक भी जब्त किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 19 लाख रुपए बताई गई है।
सड़क पर खड़े थे दो भारी वाहन
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 की रात करीब 2 बजे ग्राम फुण्डा पेट्रोल पंप के पास पीकप वाहन क्रमांक CG 04 CP 1340 और आईचर ट्रक क्रमांक CG 07 CZ 7732 को आम सड़क पर खड़ा कर दिया गया था। इससे सड़क पर लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इसी दौरान दोनों वाहन चालकों के बीच बहस और विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर वाहनों को हटाने और विवाद समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन समझाइश के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हुई।
समझाइश नहीं मानी तो दर्ज हुआ अपराध
विवाद की स्थिति बने रहने और मौके पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने दोनों वाहन चालकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किया। अपराध क्रमांक 303/2026 में भूपेष कुमार बघेल (27), निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई, जिला दुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अपराध क्रमांक 304/2026 में राजू कुमार धुर्वे (28), निवासी सोमनापुर महामाया पारा, थाना कुण्डा, जिला कवर्धा के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पांच लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों वाहन चालकों और उनके साथियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। भूपेष कुमार बघेल के साथ भागवत वर्मा (19), निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई को कार्रवाई में शामिल किया गया। वहीं राजू कुमार धुर्वे के साथ मोहन सोरी (24), निवासी गरियाबंद, हाल फुण्डा, थाना पाटन और मानस चंदेल (20), निवासी ग्राम कसही, थाना पाटन के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी संबंधित व्यक्तियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
19 लाख के वाहन जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों को जब्त किया।
- पीकप वाहन CG 04 CP 1340: अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए
- आईचर ट्रक CG 07 CZ 7732: अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए
- कुल कीमत: करीब 19 लाख रुपए
