भिलाई स्टील प्लांट में घुसकर 10 किलो कॉपर ट्यूब चोरी, 38 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
₹12,780 की कॉपर ट्यूब बरामद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त; भिलाई भट्ठी पुलिस की कार्रवाई











भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के अंदर प्रवेश कर कॉपर ट्यूब चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमराज साहू उर्फ गोलू (38 वर्ष), निवासी गांधी चौक, उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 किलोग्राम कॉपर ट्यूब के टुकड़े बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 12,780 रुपये बताई गई है। चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 SL 8761 भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन जेटी एरिया में बैटरी नंबर 9-10 के पास कॉपर ट्यूब चोरी की घटना सामने आई थी। शिकायत के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोटरसाइकिल से कॉपर ट्यूब ले जाने की कोशिश
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही हेमराज साहू उर्फ गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोरिया गेट के पास उसके कब्जे से चोरी की गई 10 किलोग्राम कॉपर ट्यूब और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लांट के अंदर से कॉपर ट्यूब के टुकड़े चोरी कर मोटरसाइकिल से बाहर ले जाने का प्रयास कर रहा था।
14 अक्टूबर को गिरफ्तारी, रिमांड पर भेजा
भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी सहित प्रधान आरक्षक किशोर पाल, प्रधान आरक्षक परस राम साहू और आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
