दिल्ली से पकड़ा गया जासूस समीर: होटल में प्लेट धोते-धोते बना पाकिस्तान का एजेंट, 17 मोबाइल से 183 सैन्य वीडियो बरामद

दिल्ली के एक होटल में प्लेट धोने वाले समीर को लेकर जांच में बड़े और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। साधारण दिखने वाला यह युवक पिछले एक साल से पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, समीर ने गुजरात से लेकर पंजाब तक भारत के कई संवेदनशील सैन्य ठिकानों की रेकी की। उसके पास से 17 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें 183 वीडियो और फोटो मिले हैं। ये सभी सामग्री उसने पाकिस्तानी गैंगस्टर सरदार को भेजी थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि समीर को हर वीडियो और फोटो के साथ लोकेशन और समय भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसी के आधार पर उसने भारतीय सेना के अहम ठिकानों, फॉरवर्ड एयरबेस और बीएसएफ चौकियों की जानकारी साझा की। जिन जगहों की रेकी की गई, उनमें गुजरात का जामनगर एयरबेस, राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर, तथा पंजाब के पठानकोट और अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण सैन्य क्षेत्र शामिल हैं।

पूछताछ में समीर और उसके साथी सुहेल मलिक ने खुलासा किया कि उन्होंने हाल ही में अंबाला रेलवे स्टेशन की भी रेकी की थी। यहां सौर ऊर्जा से चलने वाले सिम आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना थी, जिससे प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी इससे पहले दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ऐसे कैमरे लगा चुके थे। इन कैमरों को प्लेटफॉर्म पर करीब 20 फीट ऊंचाई पर लगाया जाता था। 14 मार्च को दिल्ली कैंट और 18 मार्च को सोनीपत रेलवे स्टेशन से इन कैमरों को हटाया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब 50 अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के कैमरे लगाने की साजिश थी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
