IPL सट्टे पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, व्हाट्सएप से सट्टा खिलाने वाला युवक गिरफ्तार

दुर्ग। आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहन नगर थाना पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए सट्टा खिलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आईफोन और नगदी रकम जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शक्ति नगर पानी टंकी के नीचे मैदान में एक युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैच पर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस और एसीसीयू टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने व्हाट्सएप मैसेज के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश साहू (21 वर्ष) निवासी शक्ति नगर दुर्ग के रूप में की है।
मामले में अपराध क्रमांक 313/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एप्पल कंपनी का आईफोन 16 प्रो मैक्स और 6,300 रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 56,300 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी आईपीएल मैच के दौरान अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।

