रसमड़ा ड्यूटी जा रहे कर्मचारियों से झपटमारी और लूट की कोशिश, 48 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सुबह-सुबह ड्यूटी जा रहे कर्मचारियों को रास्ते में रोककर मारपीट, झपटमारी और लूट का प्रयास करने वाले तीन आदतन आरोपियों को पुलगांव थाना और चौकी अंजोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त KTM बाइक, धारदार चाकू, बेसबॉल बैट और 550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 से 6:10 बजे के बीच सोना बेवरेज रसमड़ा ड्यूटी जा रहे मुरलीधर सोनी और कुनाल कुमार को अज्ञात बाइक सवार तीन युवकों ने रसमड़ा ओवरब्रिज और कोटनी अंडरब्रिज के पास रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया और लूट का प्रयास किया।

शिकायत मिलने के बाद पुलगांव और अंजोरा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपियों द्वारा चाकू और बेसबॉल बैट का इस्तेमाल कर पीड़ितों को डराने-धमकाने और चोट पहुंचाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट और लूट के प्रयास से संबंधित गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपी
चिराग साहू उर्फ सावन साहू, 19 वर्ष, राजीव नगर, वार्ड नंबर 04, कोतवाली दुर्ग।
तरुण उर्फ प्रियांशु चंद्राकर, 18 वर्ष, गया नगर, कोतवाली दुर्ग।
आयुष निर्मलकर उर्फ योगेंद्र, 18 वर्ष, नयापारा नदी रोड, वार्ड नंबर 01, कोतवाली दुर्ग।
यह सामान हुआ बरामद
ब्लैक-ऑरेंज रंग की बिना नंबर KTM मोटरसाइकिल
एक धारदार चाकू
एक बेसबॉल बैट
550 रुपये नकद
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
