सुपेला थाना के पीछे कॉलोनी में चोरों का धावा: लोको पायलट के घर से 7 से 8 लाख की चोरी, CCTV भी बंद मिला

सुपेला थाना के पीछे कॉलोनी में चोरों का धावा: लोको पायलट के घर से 7 से 8 लाख की चोरी, CCTV भी बंद मिला

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस थाना के ठीक पीछे स्थित कॉलोनी में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। राधिका नगर इलाके में रहने वाले रेलवे के लोको पायलट त्रिलोकी नाथ के घर से सोने-चांदी के जेवर, करीब 1 लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार कुल नुकसान लगभग 7 से 8 लाख रुपए का है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात त्रिलोकी नाथ अपने पूरे परिवार के साथ खुर्सीपार में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब 8 बजे घर बंद कर सभी लोग निकले थे। देर रात करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम की अलमारी और लॉकर टूटे पड़े थे।

पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी के शादी के समय से रखे जेवरात चोरी हो गए हैं। इनमें मांग टीका, नथ, कान के जेवर, गले की चैन, पायल, अंगूठी समेत कई सोने-चांदी के सामान शामिल हैं। इसके अलावा उनके खुद के सोने की अंगूठी और चैन भी गायब मिले। घर में रखे करीब 1 लाख रुपए नकद भी चोर अपने साथ ले गए।

घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि चोरी सुपेला थाना से महज 500 मीटर दूरी पर हुई है। जिस मकान में चोरी हुई वहां CCTV कैमरा लगा था, लेकिन वारदात वाली रात कैमरे का स्विच गलती से बंद हो गया था। वहीं घर के पीछे खाली मैदान होने और पीछे का दरवाजा खुला होने का फायदा चोरों ने उठाया।

सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शनिवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने फिर मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।