श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 11 मई से, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल

भिलाई। आम्रपाली वनांचल सिटी, गौरवपथ स्थित श्रीराम मंदिर में 11 मई से 14 मई तक भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्रीराम मंदिर समिति एवं कॉलोनीवासियों द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

महोत्सव के तहत प्रतिदिन विभिन्न वैदिक एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 11 मई सोमवार को वैदिक पूजा, मंडप प्रवेश, पंचांग पूजन, जलाधिवास, धान्याधिवास, शय्याधिवास सहित अन्य अनुष्ठानों से होगी। 12 मई मंगलवार और 13 मई बुधवार को वेदी पूजन, मूर्ति संस्कार तथा अग्न्याधान जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं 14 मई गुरुवार को सुबह 7 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मूर्ति भ्रमण एवं प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा संपन्न होगी। साथ ही यज्ञ, हवन और दोपहर 2 बजे महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन में वैदिक अनुष्ठान वाराणसी के व्याकरणाचार्य पं. ओमप्रकाश त्रिवेदी के सानिध्य में संपन्न होंगे।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन शाम 7 बजे पूजा आरती के बाद प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।

