रायपुर में हंस ट्रैवल्स पर DRI की रेड, 16 लाख नकदी तीन बोरों में जब्त
जाली नोटों की तस्करी के शक में बड़ी कार्रवाई

रायपुर। जाली नोटों की तस्करी के शक में बड़ी कार्रवाई हुई है। रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने छापेमारी कर 16 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, नकदी 10, 20 और 50 रुपए के नोटों में थी, जिन्हें तीन अलग-अलग बोरों में भरकर रखा गया था। यह कार्रवाई उस इनपुट के आधार पर की गई, जिसमें ट्रैवल कंपनी के जरिए नकली नोटों को दूसरे राज्यों में भेजे जाने की बात सामने आई थी।

सूचना मिलते ही DRI की पांच सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान बरामद नोटों को जब्त कर लिया गया है और उनकी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह खेप कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी और बस के जरिए ट्रांसपोर्ट की जा रही थी। मामले में कोलकाता के उदय सिंह बिस्वाल और दिल्ली के कमल किशोर गुप्ता के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
फिलहाल DRI के साथ पुलिस और आयकर विभाग भी पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटे हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

