भिलाई में युवक को बचाने गए दो दोस्तों की चाकू मारकर हत्या, 13 दिन बाद दूसरे घायल ने भी तोड़ा दम
खुर्सीपार में खूनी वारदात से सनसनी

मृतक रजत कुशवाहा

स्पर्श अस्पताल में मौजूद मृतक सुनील कन्हाई का परिजन

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल की रात हुई चाकूबाजी की घटना ने अब दोहरी हत्या का रूप ले लिया है। एक युवक को मारपीट से बचाने गए दो दोस्तों पर आरोपी ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक सुनील कन्हाई ने भी 13 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद शुक्रवार 8 मई को दम तोड़ दिया। इससे पहले 27 अप्रैल को घायल रजत कुशवाहा की मौत हो चुकी थी। दोनों युवकों की मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रजत कुशवाहा (26 वर्ष) निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार ने मौत से पहले दिए अपने बयान में पूरी घटना का जिक्र किया था। रजत ने बताया था कि 25 अप्रैल की रात वह अपने दोस्त सुनील कन्हाई को मोटरसाइकिल से उसके घर गांधी विद्यालय तरफ छोड़ने जा रहा था। रात करीब 9:30 बजे बालाजी नगर स्थित गांधी विद्यालय के पास ट्रांसफार्मर के नजदीक उन्होंने देखा कि संजय सिंह का भतीजा गोलू एक युवक को बैट से बेरहमी से पीट रहा था।

रजत और सुनील ने आरोपी गोलू को मारपीट करने से मना किया। इसी बात पर आरोपी भड़क गया। रजत के मुताबिक गोलू ने गाली-गलौज करते हुए कहा, “तुम कौन होते हो बीच में बोलने वाले” और देखते ही देखते अपने पास रखे धारदार चाकू से दोनों पर हमला कर दिया।

हमले में रजत के सीने में चाकू मारा गया, जबकि सुनील कन्हाई के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए गए। दोनों युवक गंभीर रूप से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल सुपेला शासकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान 27 अप्रैल को रजत कुशवाहा की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनील कन्हाई ने शुक्रवार 8 मई को अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी गोलू के खिलाफ पहले धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अब दोनों युवकों की मौत के बाद हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
