जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति-पत्नी गिरफ्तार

धमतरी। पारिवारिक जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में सिहावा पुलिस ने फरार चल रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी मुकेश कुमार साहू ने 9 अप्रैल 2026 को थाना सिहावा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिन्दा बाई साहू ने उनके पुत्र ताम्रध्वज साहू पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने बांस के डंडे से सिर पर वार किया, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं। शुरुआत में सामाजिक कारणों से मामला दर्ज नहीं कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर रायपुर के वी.वाई. अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दो बार ऑपरेशन के बाद भी पीड़ित को पैरालिसिस हो गया।

जांच के बाद सिहावा पुलिस ने अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयास और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने कृष्ण कुमार साहू (51 वर्ष) और बिन्दा बाई साहू (48 वर्ष), दोनों निवासी डीहीपारा सेमरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आरोपीगण का विवरण-
(01) कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू, पिता स्व. बिसनाथ साहू, उम्र 51 वर्ष निवासी - डीहीपारा सेमरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)
(02) बिन्दा बाई साहू,पति कृष्ण कुमार साहू, उम्र 48 वर्ष निवासी - डीहीपारा सेमरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)

