नारायणपुर में बड़ा नक्सली डम्प बरामद, 53वीं बटालियन ITBP और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

नारायणपुर में बड़ा नक्सली डम्प बरामद, 53वीं बटालियन ITBP और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

नारायणपुर। जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 25 फरवरी 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर 53वीं बटालियन आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कुमुराडी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग ऑपरेशन चलाया। सर्च के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ एक बड़ा डम्प बरामद किया गया।

कार्रवाई में COB मंदोड़ा, 53वीं बटालियन ITBP और पुलिस बल के जवान शामिल थे। जंगल में सघन तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इम्प्रोवाइज्ड हथियार और गोला-बारूद मिला।

बरामद सामग्री में शामिल हैं

करीब 100 मीटर प्राइमा कॉर्ड, 20-20 मीटर सेफ्टी और ऑरेंज फ्यूज, लगभग 35 किलो सुतली बम, 38 किलो उर्वरक पाउडर, 18 किलो इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक और 2.5 किलो चारकोल।

इसके अलावा 1 इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर, 13 रॉकेट लॉन्चर सेल, 19 भारी और 11 हल्के मोर्टार सेल, 2 बीजीएल लॉन्चर, विभिन्न आकार के बीजीएल कारतूस और राउंड, 2 इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड भी जब्त किए गए।

सुरक्षाबलों को मौके से मेडिकल सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं, जिससे संकेत मिलता है कि नक्सली लंबे समय तक ठहरने की तैयारी में थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है।