खाद्य विभाग का छापा, गंदगी के बीच बन रहा था पनीर, डेढ़ क्विंटल लड्डू समेत संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट कराने के निर्देश



दुर्ग। दिवाली के त्योहार से पहले मिठाई और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने खाद्य विभाग ने दुर्ग-भिलाई में विशेष अभियान चलाया। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग के कमिश्नर दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर से पहुंची टीम ने छावनी स्थित मां दुर्गा डेयरी, बैकुंठ धाम की मुस्कान फैक्ट्री और गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में कमियां सामने आईं। मां दुर्गा डेयरी में एक्सपायरी दूध मिलने का दावा किया गया, जबकि पनीर निर्माण स्थल की स्वच्छता पर भी सवाल उठे। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और संदिग्ध सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
पनीर बनाने की जगह पर मिली गंदगी, दूध की गुणवत्ता पर भी सवाल
खाद्य विभाग की टीम ने सबसे पहले छावनी स्थित मां दुर्गा डेयरी का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक, यहां जांच के दौरान एक्सपायरी दूध मिला। डेयरी में पनीर तैयार करने वाले स्थान पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। टीम ने दूध और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
अधिकारियों ने तैयार पनीर और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक की ओर से दो लाइसेंस प्रस्तुत किए गए, लेकिन उनकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने की बात सामने आई। संचालक को आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट करने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पाम ऑयल के इस्तेमाल का मुद्दा भी सामने आया। हालांकि, इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए नमूनों की जांच रिपोर्ट और विभागीय पुष्टि जरूरी है।
डेयरी संचालक जगमोहन ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में दूध, दही और पनीर का उत्पादन होता है। उन्होंने एनालॉग पनीर बनाने से इनकार किया। संचालक के अनुसार, निरीक्षण के दौरान विभाग के निर्देशों के अनुरूप तैयार पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
मुस्कान फैक्ट्री में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा के नमूने
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम बैकुंठ धाम स्थित मुस्कान फैक्ट्री पहुंची। यहां भी साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर कमियां पाई गईं। फैक्ट्री में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा सहित कई तरह की मिठाइयां तैयार रखी थीं।
दिवाली से पहले बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर टीम ने तैयार उत्पादों के नमूने लिए। संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश भी दिए गए। अब नमूनों की जांच रिपोर्ट से मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री में डेढ़ क्विंटल लड्डू
खाद्य विभाग की टीम ने गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। यहां करीब डेढ़ क्विंटल लड्डू तैयार रखे हुए थे। अधिकारियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था को संतोषजनक नहीं पाया और संचालक को सुधार करने के निर्देश दिए। तैयार लड्डुओं को नष्ट कराने के निर्देश भी दिए गए।