150 से ज्यादा कौओं की मौत: जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि से मचा हड़कंंप

पटना/भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल परिसर में बड़ी संख्या में मृत मिले कौओं के मामले में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और संक्रमण फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में सख्त एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जिला पशुपालन पदाधिकारी अंजली कुमारी ने आधिकारिक रूप से बताया कि मृत कौओं के सैंपल जांच के लिए पटना और भोपाल लैब भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) संक्रमण की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट सामने आते ही प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सेनेटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया है। इसके साथ ही इलाके के सभी पोल्ट्री फार्मों से सैंपल कलेक्शन भी शुरू कर दिया गया है, ताकि वायरस का फैलाव समय रहते रोका जा सके। बताया जा रहा है कि 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही स्थान पर पेड़ के नीचे 150 से अधिक मृत कौवे पड़े देखे थे। कई कौवे तड़पती हालत में भी मिले थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बर्ड फ्लू को लेकर दहशत का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों को सुरक्षित तरीके से हटाया। इसके बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने घटनास्थल से सैंपल कलेक्ट कर उच्च स्तरीय लैब में जांच के लिए भेजा था। भोपाल से आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय हो गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है। स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
