रील बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, भिलाई में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

भिलाई। जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला अंजली साव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, अंजली साव भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी और इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती थी। वह अक्सर रील बनाती थी, लेकिन यह बात उसके पति को पसंद नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार को जब बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, उसी दौरान महिला ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
