कुश्ती में दुर्ग के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 4 गोल्ड समेत 7 पदक जीते

तिसरी राष्ट्रीय कोम्बैट मल युद्ध प्रतियोगिता में दुर्ग के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, छत्तीसगढ़ टीम रही उपविजेता

कुश्ती में दुर्ग के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 4 गोल्ड समेत 7 पदक जीते

भिलाई। मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित 3री राष्ट्रीय कोम्बैट मल युद्ध प्रतियोगिता में दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में देश के करीब 16 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं, ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की टीम उपविजेता रही।

भारतीय कोम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में प्रतियोगिता का आयोजन इंदौर स्थित चमेली देवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से करीब 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें खरसिया, रायगढ़, सक्ती, दुर्ग, पेंड्रा, बिलासपुर, गरियाबंद और रायपुर के खिलाड़ी शामिल रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने गी, नोगी और फ्री स्टाइल सहित विभिन्न इवेंट में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 22 स्वर्ण, 18 रजत और 16 कांस्य पदक हासिल किए। इस प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ ने ओवरऑल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। हरियाणा की टीम प्रथम रही। दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और खेल जगत में उत्साह है।

छत्तीसगढ़ टीम में शामिल रहे खिलाड़ी

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम से ध्रुव चक्रधारी, रूपम राठौर, उदित साव, याज्ञवल्क्य सिंह राठौर, पुष्पराज डनसेना, दुष्यंत पटेल, आदित्य राज, प्रशांत स्वादु, प्रणय केरकेट्टा, दक्ष कुमार, विवेक पटेल, तिसना जायसवाल, अक्षत सिदार, वंश राठौर, कामेश्वर सिदार, निहाल जायसवाल, लक्ष्या कौशिक, देवा साहू, सी. ऋषभ, यामिनी धीवर, सृष्टि, सायना मेहरा, सौम्या पुरसेठ, हेमा वारेन, अंजू सिदार, जागृति खूंटे, आर्या राठौर, अंशिका राठौर, रुपाली, भूमिका यादव, रिद्धि यादव, पारुल, पूर्वी सोनवानी, सौम्या पड़वार और गरिमा सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। टीम के साथ ऑफिशियल के रूप में चिंतामणि चक्रधारी, उमेश साहू, रियाज खान, कमलेश यादव, देवेंद्र ढीमर, सुगंधी राठौर और देवमणि साहू ने जिम्मेदारी संभाली।

खेल पदाधिकारियों ने दी बधाई

दुर्ग के खिलाड़ियों की इस सफलता पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के खेल संचालक डॉ. दिनेश कुमार नामदेव और कोम्बैट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष उमेश साहू ने प्रदेश की टीम के सभी खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।