विस्फोटक फैक्ट्री में भीषण धमाका, 15 की मौत

विस्फोटक फैक्ट्री में भीषण धमाका, 15 की मौत

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ। जिले की कटोल तहसील के राउलगांव स्थित विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए भीषण धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

यह विस्फोट खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए विस्फोटक सामग्री बनाने वाली कंपनी SBL Energy Limited के कारखाने में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या 15 है और 18 घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जांच और राहत कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फैक्ट्री परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।विस्फोट के कारणों की पड़ताल जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धमाका उत्पादन इकाई के भीतर हुआ, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।