फिल्मी पर्दे से सत्ता के शिखर तक, विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, शपथ लेते ही जनता को तोहफा
200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा के लिए विशेष बल

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ नौ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस, वीसीके और वामदलों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर सरकार बनाई। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय नेता और फिल्म जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह जनता को झूठे वादों से गुमराह नहीं करेंगे और पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते, लेकिन जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया। शपथ लेने के तुरंत बाद विजय ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए। अब नई सरकार को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। तमिलनाडु की राजनीति में इसे एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।

