छठ पर्व से पहले भिलाई के तालाबों की सफाई तेज, जलकुंभी और विसर्जन सामग्री हटाई जा रही

नकटा तालाब से बैकुंठधाम तक निगम का सफाई अभियान, जेसीबी और डंपर लगाकर हटाया जा रहा कचरा

छठ पर्व से पहले भिलाई के तालाबों की सफाई तेज, जलकुंभी और विसर्जन सामग्री हटाई जा रही

भिलाईनगर। छठ महापर्व को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर के विभिन्न तालाबों की साफ-सफाई तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तालाबों से जलकुंभी, शैवाल, कमल की डंडियां, विसर्जन सामग्री और अन्य कचरा हटाया जा रहा है। निगम के विभिन्न जोनों में सफाई कर्मचारियों के साथ मशीनों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।

जोन-2 वैशाली नगर के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 22 कुरुद बस्ती स्थित नकटा तालाब में जलकुंभी, कमल की डंडियों और शैवाल की कटाई कर उन्हें तालाब से बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, वार्ड क्रमांक 23 घासीदास नगर स्थित तालाब में विसर्जन सामग्री हटाकर सफाई की जा रही है। इसी तरह जोन-3 के बैकुंठधाम तालाब में जेसीबी और डंपर की सहायता से कचरा निकालने का कार्य जारी है। जोन-4 शिवाजीनगर क्षेत्र में भी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए तालाबों की सफाई कराई गई है।

श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों और जलाशयों के किनारे पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों और तालाबों की स्वच्छता महत्वपूर्ण है। नगर निगम द्वारा तालाबों के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई कराई जा रही है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। निगम का सफाई अभियान पर्व तक जारी रहेगा।