सरदार पटेल जयंती पर कासोली CAF कैंप में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश, विधायक चैतराम अटामी ने जवानों का बढ़ाया उत्साह
‘एकता परेड-2026’ में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की दिखी झलक, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां; गुजरात के एकता नगर में बस्तर के जवानों के परेड प्रदर्शन पर जताया गर्व



दंतेवाड़ा/गीदम। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कासोली स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की बी कंपनी कैंप में ‘एकता परेड-2026’ का आयोजन उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कंपनी कमांडर घनश्याम सिंह सेंगर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित एकता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा केवल सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। ऐसे आयोजन सुरक्षा बलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने के साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। कंपनी कमांडर घनश्याम सिंह सेंगर ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय एकता केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे अपने विचारों और व्यवहार में अपनाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों से आपसी भाईचारे तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर CAF कैंप परिसर में वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर खेल भावना और टीम भावना का परिचय दिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाया। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों के जवानों और ग्रामीणों ने गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन सहित लाइव प्रसारण देखा।
राष्ट्रीय मंच पर बस्तर के जवानों के प्रदर्शन पर जताया गौरव
कार्यक्रम के दौरान बस्तर के सुरक्षा बलों के साहस और योगदान का भी विशेष उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बस्तर फाइटर्स की महिला जवानों, DRG के महिला एवं पुरुष जवानों, STF तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने नक्सलवाद के खिलाफ लंबे संघर्ष में अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उनके त्याग और समर्पण ने बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में बस्तर फाइटर्स की महिला टीम, DRG के महिला एवं पुरुष जवानों, STF तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम द्वारा परेड में शानदार प्रदर्शन को पूरे प्रदेश, विशेषकर बस्तर अंचल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर इन जवानों की उपस्थिति केवल परेड का प्रदर्शन नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, बलिदान, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सम्मान है। बस्तर के जवान आज बदलते बस्तर, शांति और विकास की नई तस्वीर को देश के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यक्रम में बोसाराम अटामी, अभिमन्यु सोनी, सुधराम भास्कर, शकुन्तला भास्कर, सत्यजीत सिंह चौहान, सुमित सरकार, सुभद्रा नेगी, जश्वीर नेगी, धर्मपाल मिश्रा एवं सरपंच शैलेश अटामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सुरक्षा बलों के जवान, ग्रामीणजन और बच्चे उपस्थित रहे।