चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, पिस्टल कनपटी पर सटाकर मारी गोली

चंदौली। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में रविवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। चलती ट्रेन में बदमाशों ने एक यात्री की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को ट्रेन से नीचे फेंककर करीब 7 किलोमीटर तक उसी ट्रेन में सफर करते रहे और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास उतरकर फरार हो गए। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन रविवार सुबह 6:24 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से रवाना हुई थी। शुरुआती सफर सामान्य रहा। ट्रेन सुबह 6:36 बजे कुचमन रेलवे स्टेशन पहुंची और करीब चार मिनट रुकने के बाद 6:40 बजे आगे के लिए रवाना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुचमन स्टेशन से ट्रेन चलते ही कोच में मौजूद मंगरू नामक यात्री का दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर मंगरू की कनपटी पर सटा दी और गोली चला दी। गोली लगते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री डर से सहम गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय ट्रेन दरियापुर के समीप पहुंच चुकी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने मंगरू के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। इसके बावजूद दोनों बदमाश ट्रेन में ही मौजूद रहे और करीब 7 किलोमीटर तक यात्रा करते रहे। यात्रियों में भय का माहौल था और कोई भी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सुबह करीब 7:11 बजे जब ट्रेन सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और उसकी रफ्तार धीमी हुई, तभी दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए। इसके बाद यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

