बाजार चौक पर युवक को घेरकर पेट में घोंपा चाकू, जान से मारने की कोशिश के मामले में रायपुर से 3 आरोपी गिरफ्तार

पाहंदा गांव में आपसी विवाद के बाद 9 नवंबर की रात हुई थी खूनी वारदात, घायल युवक एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था; बटनदार हथियार, 2 बाइक और 3 मोबाइल जब्त, दो आरोपी अब भी फरार।

बाजार चौक पर युवक को घेरकर पेट में घोंपा चाकू, जान से मारने की कोशिश के मामले में रायपुर से 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। आपसी विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर, दुर्ग पुलिस ने लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

बाजार चौक के पास हुआ था खूनी हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम पाहंदा में हुई थी। बाजार चौक के पास आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने ग्राम पाहंदा निवासी त्रिदेव बंधे पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हत्या की नीयत से धारदार हथियार से उसके पेट पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल रायपुर ले जाया गया।

वारदात के बाद फरार हो गए थे आरोपी

मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अमलेश्वर और साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान आरोपियों के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली।

चंगोराभाठा में घेराबंदी, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना में उनकी घटना में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपी साहू (32 वर्ष), अंकित सोनकर (19 वर्ष) और भेदराज निर्मलकर (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों रायपुर के चंगोराभाठा क्षेत्र के निवासी हैं।

हथियार, दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मोटरसाइकिलों के नंबर CG-04-LG-0726 और CG-04-PA-2955 बताए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस के सामने अब दो अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है। उनकी तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।