झारखंड ले जाए जा रहे 9 मवेशी बरामद, पशु तस्करी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की विजयनगर चौकी पुलिस ने अवैध पशु तस्करी और पशु क्रूरता के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, 7 मार्च 2026 की रात विजयनगर चौकी पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर मवेशियों को मारते-पीटते मेघुली से कन्हर नदी के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की, लेकिन अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।

घटनास्थल के आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने अपने गांव के एक व्यक्ति को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली। मौके से 9 मवेशी गाय-बैल बरामद किए गए।
इस मामले में पहले झारखंड के मानपुर रंका निवासी 56 वर्षीय सफीक अंसारी को गिरफ्तार किया गया था। वहीं फरार आरोपी कासिम हुसैन, निवासी शारदापुर चलगली, जिला बलरामपुर को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विजयनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को 11 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

