दनिया पुल पर आधी रात को बड़ा हादसा टला, भिलाई की दो युवतियों समेत 5 दोस्तों का रेस्क्यू

बाढ़ के तेज बहाव में बह गई कार, मझधार में पेड़ के सहारे फंसे पांचों; 112 पर मांगी मदद, गंडई पुलिस ने सभी को सुरक्षित निकाला

दनिया पुल पर आधी रात को बड़ा हादसा टला, भिलाई की दो युवतियों समेत 5 दोस्तों का रेस्क्यू

गंडई/भिलाई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के गंडई क्षेत्र में 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे दनिया पुल पर बड़ा हादसा टल गया। रायपुर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 बाढ़ के तेज बहाव में बह गई। कार में सवार तीन युवक और भिलाई की दो युवतियों समेत पांच लोग बीच मझधार में फंस गए। किसी तरह पेड़ का सहारा लेकर उन्होंने अपनी जान बचाई और 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। केसीजी जिले में 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर थे। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दनिया पुल पर सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद रात में रायपुर की ओर से आ रही कार पुल तक पहुंच गई।

स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में घुस गई कार

पुलिस के मुताबिक कार चालक ने पुल पर लगाए गए पुलिस स्टॉपर को टक्कर मार दी। दूसरे छोर पर तैनात पुलिस जवानों ने आवाज लगाकर कार को आगे बढ़ाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और कार को उफनते पानी के बीच ले गया। कुछ ही देर में तेज बहाव के कारण कार पुल से बहकर नदी की मझधार में पहुंच गई। कार में सवार पांचों लोग घबरा गए और मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने तत्काल 112 पर फोन किया।

भारी बारिश और अंधेरे में गंडई पुलिस का रेस्क्यू

सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा, लगातार बारिश और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती था। पुलिस जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और एक-एक कर कार में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

कान्हा-किसली जा रहे थे पांचों दोस्त

पुलिस पूछताछ में पता चला कि पांचों युवक-युवतियां रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहा था। रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलेश साहू (25) गुढ़ियारी रायपुर, कुबेर साहू (25) कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, निहाल सक्सेना (21) कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, महक कौर (21) कैंप-2 पावर हाउस भिलाई, प्रीति रात्रे (20)  कैंप-1 रामनगर भिलाई शामिल हैं।