तड़के सुबह दुर्ग पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 500 मकानों और 200 ट्रकों की जांच

भिलाई। दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए सोमवार तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में दुर्ग पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 9 बजे तक चले इस कॉम्बिंग ऑपरेशन में 100 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया। अभियान के दौरान करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रक वाहनों की जांच की गई।

पुलिस ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में व्यापक चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। अभियान में थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग की, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड का सत्यापन भी किया गया।

कार्रवाई के दौरान 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की गईं, जबकि 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। पुलिस इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा और नगर पुलिस अधीक्षक छावनी यदुमनी सिदार ने किया। उनके साथ खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल और यातायात पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

