पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई पशु तस्करी की कोशिश, बोलेरो पिकअप जब्त

नाबालिग सहित दो गिरफ्तार, 5 मवेशी जब्त

पुलिस  की मुस्तैदी से नाकाम हुई पशु तस्करी की कोशिश, बोलेरो पिकअप जब्त

दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप वाहन से 5 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी संरक्षण में लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 12 मई 2026 की तड़के करीब 3 बजे पेण्ड्री चौक स्थित धमधा-गंडई मुख्य मार्ग पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 4771 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन भगाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर जांच की। जांच में वाहन के पीछे डाले में तालपतरी से ढंककर 5 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरा हुआ पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड कर लांजी होते हुए नागपुर के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।

मामले में थाना धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश घोरमारे उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम चिचटोला, पोस्ट बड़गांव, थाना लांजी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन, 5 मवेशी, तालपतरी और परिवहन में इस्तेमाल अन्य सामग्री जप्त की है।