कोयला खदान में मौत का धमाका, गैस विस्फोट में 82 मजदूरों की मौत

कोयला खदान में मौत का धमाका, गैस विस्फोट में 82 मजदूरों की मौत

चीन के शांक्सी प्रांत से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां लियूशेनयु कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 82 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई श्रमिक अब भी खदान के अंदर फंसे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि हादसा शुक्रवार देर रात उस समय हुआ, जब खदान के भीतर कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि खदान के कई हिस्से ध्वस्त हो गए और मजदूर मलबे में फंस गए। घटना के बाद राहत और बचाव टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला। शनिवार सुबह तक 200 से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 9 श्रमिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

चीनी सरकारी मीडिया और सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में केवल 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन जैसे-जैसे मलबा हटाया गया, मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंच गई।

फिलहाल मौके पर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।