बिटकॉइन में मुनाफे का लालच देकर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। बिटकॉइन में निवेश कर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा देकर 7 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास रहने वाली देवकी सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पीलादास मानिकपुरी नामक व्यक्ति ने बिटकॉइन में निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने अलग अलग समय में नगद और यूपीआई के जरिए कुल 7.50 लाख रुपये ले लिए। शुरुआत में कुछ रकम वापस कर भरोसा बनाया, लेकिन बाद में शेष रकम लौटाने से इनकार कर संपर्क बंद कर दिया।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी, निवासी चंगोराभाठा रायपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किया है।
