नारायणपुर में सुरक्षा बलों ने बरामद किए ₹1.01 करोड़ नकद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “माड़ बचाओ अभियान” के अंतर्गत पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के छिपाए गए डम्प से ₹1 करोड़ 1 लाख 64 हजार नकद, अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के कारण यह बड़ी सफलता मिली। पिछले एक महीने से नारायणपुर जिले के सुदूर और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने कई स्थानों पर नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए डम्प का पता लगाया। संयुक्त कार्रवाई में AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल सहित कुल 28 प्रकार की नक्सल सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, वॉकीटॉकी, नक्सली वर्दी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति नेटवर्क और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अबूझमाड़ के जंगलों में अभी भी नक्सलियों द्वारा छिपाई गई सामग्री मौजूद हो सकती है, इसलिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियारों की रिकवरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा दर्शाता है कि क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
बरामद सामग्री में शामिल
- 3 AK-47 रायफल
- 3 SLR रायफल
- 2 रायफल 303
- 1 रायफल 315
- 2 देशी कट्टा
- 2 बारह बोर बंदूक
- 132 BGL सेल
- 8 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर
- 6 बंडल कॉर्डेक्स वायर
- 300 से ज्यादा जिंदा कारतूस
- वॉकीटॉकी, रेडियो सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- करीब 8 किलो विस्फोटक सामग्री और पाउडर
- ₹1.01 करोड़ से अधिक नकद राशि
