BSP स्क्रैप चोरी कांड: 50 लाख के गहने और 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज मिले, तीन आरोपी जेल भेजे गए

BSP स्क्रैप चोरी कांड: 50 लाख के गहने और 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज मिले, तीन आरोपी जेल भेजे गए

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड के बाद सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, स्क्रैप चोरी कर अवैध रूप से अर्जित धन को आरोपियों ने जमीन, मकान और आभूषणों में निवेश किया था। अब इन संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी चोरी

खुर्सीपार थाना पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किया गया लोहा लाकर रखा जा रहा है। जांच में वहां भारी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री मिली। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन स्क्रैप जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई।

इसके अलावा परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल वाहनों व मशीनरी सहित कुल 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

उत्तरप्रदेश से दबोचा गया मुख्य आरोपी

मामले में पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मुख्य आरोपी संजय सिंह फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीम उत्तरप्रदेश भेजी गई। देवरिया क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की भूमिका सामने आने पर दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

फर्जी नंबर प्लेट से करते थे परिवहन

पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के लोहे के परिवहन में इस्तेमाल वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी। पुलिस ने कई फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

इस संगठित स्क्रैप चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

संजय सिंह (48), निवासी खुर्सीपार, दुर्ग

अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45), निवासी सेक्टर-2, भिलाई

आकाश कुमार सिंह (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल

पुलिस की बड़ी बरामदगी

250 टन लोहे की प्लेट, बीम और स्क्रैप

परिवहन व लोडिंग में प्रयुक्त वाहन और मशीनें

50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण

3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों के दस्तावेज

अन्य संपत्ति संबंधी दस्तावेज

फर्जी नंबर प्लेटें