मवेशी तस्करी के मामले में फरार 12वां आरोपी गिरफ्तार, 11 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलंगी थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे 12वें आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मवेशी तस्करी के मामले में फरार 12वां आरोपी गिरफ्तार, 11 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

बलरामपुर-रामानुजगंज। मवेशी तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 12वें आरोपी को बलंगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से पकड़ा है। इस मामले में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार मामला अपराध क्रमांक 26/2026 से संबंधित है। प्रकरण में बीएनएस की धारा 111(1)(2) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6 और 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बलंगी गेट के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इस दौरान एक सफेद रंग की पिकअप CG 30 G 5161 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। इसके बाद दो पिकअप वाहनों को पुलिस ने चौकी की ओर से पीछा करते हुए रोका, जबकि अन्य वाहन कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। पुलिस कार्रवाई के दौरान MP 66 ZF 2498 और MP 53 ZD 3982 नंबर के दो पिकअप वाहन पकड़े गए। हालांकि इनके चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मौके पर जब्ती की कार्रवाई करते हुए मवेशियों और वाहनों को कब्जे में लिया गया।

जांच के दौरान इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद मुमताज उर्फ बबलू, पिता सिराजुद्दीन, उम्र 36 वर्ष, निवासी उमरहर थाना जियावन, हाल मुकाम हर्रा बिरती, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश की तलाश पुलिस कर रही थी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बलंगी पुलिस की टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया। पुलिस टीम ने सिंगरौली जिले में आरोपी का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर 2026 को आरोपी को अभिरक्षा में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और विवेचना अभी जारी है।