एनएच–53 के ट्रैफिक दबाव से राहत की तैयारी, दुर्ग–रायपुर के लिए नया वैकल्पिक मार्ग प्रस्तावित







दुर्ग। दुर्ग–रायपुर के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। यातायात पुलिस ने इसके लिए औपचारिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है और 1 मार्च को संयुक्त निरीक्षण भी किया गया।

यह प्रस्ताव खुर्शीपार गेट रोलिंग मिल से सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर से रायपुर तक संभावित मार्ग को लेकर है। मकसद साफ है। एनएच–53 पर वाहनों का दबाव कम करना और ट्रैफिक को दो हिस्सों में बांटना।

कलेक्टर दुर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, नगर निगम भिलाई के आयुक्त, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम ने सड़क की चौड़ाई, जंक्शन पॉइंट, सुरक्षा संकेतक और यातायात क्षमता का परीक्षण किया।
प्रारंभिक आकलन के बाद प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। अगर मंजूरी मिलती है तो दुर्ग–रायपुर मार्ग पर जाम की समस्या में राहत मिल सकती है। दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आपातकालीन स्थिति में वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध रहेगा।