नारायणपुर में डीआरजी की बड़ी कामयाबी, नक्सलियों की हथियार फैक्ट्री का भारी डंप बरामद

नारायणपुर में डीआरजी की बड़ी कामयाबी, नक्सलियों की हथियार फैक्ट्री का भारी डंप बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में डीआरजी और पुलिस बल ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सोनपुर क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार निर्माण से जुड़े भारी मात्रा में सामान का डंप बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर कोरसकोड़ो–पांगुड़–कंदुलपार इलाके में की गई। सूचना मिलते ही डीआरजी टीम ने एरिया डॉमिनेशन पैट्रोल की योजना में बदलाव कर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें नक्सलियों की हथियार फैक्ट्री से जुड़ा बड़ा भंडार सामने आया।

तलाशी के दौरान लगभग 1000 किलोग्राम एल्यूमीनियम छड़ें, सैकड़ों लोहे के पाइप, बीजीएल सेल, ग्राइंडर मशीन, इलेक्ट्रिक कटर, वेल्डिंग उपकरण और अन्य मशीनरी सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री का इस्तेमाल नक्सली हथियार और विस्फोटक तैयार करने में करते थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हाल ही में इस क्षेत्र में बीएसएफ के साथ नया सुरक्षा कैंप कोरस्कोडो स्थापित किया गया है, जिससे नक्सल गतिविधियों पर दबाव बढ़ा है। “माड़ बचाओ” अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अंदरूनी इलाकों में सक्रिय हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों का भरोसा भी बढ़ा है। इसी विश्वास के चलते नक्सल डंप की जानकारी सुरक्षा बलों तक पहुंची।

इस पूरे अभियान में किसी भी प्रकार की जनहानि या बल क्षति नहीं हुई। बरामद सामग्री को थाना सोनपुर लाकर सुरक्षित रखा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।