होटल ट्रिनिटी के स्पा सेंटर पर रेड: देह व्यापार मामले में संचालक व मैनेजर गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के होटल ट्रिनिटी स्थित सनराइज स्पा एंड सैलून पर छापा मारा। कार्रवाई में स्पा सेंटर संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा की अगुवाई में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शाम करीब 7:30 बजे योजनाबद्ध तरीके से रेड की। कार्रवाई से पहले पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। तय संकेत मिलते ही टीम ने होटल की सातवीं मंजिल पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, 6 हजार रुपये नगद, स्पा से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा जब्त किया गया है। थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 और 7 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. विनयकांत बरगट पिता विट्ठलराव, उम्र 43 वर्ष, निवासी मकान नं. 41/बी, जोन-2 लोहिया रोड, एकता चौक के पास, वार्ड नं. 14 कैलाश नगर मिलाई, जिला दुर्ग (छ.ग.) हाल मुकाम होटल ट्रिनिटी, कोतरारोड रायगढ़
2. देवेन्द्र सिंह पिता प्रीतम सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी बीडपारा, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़