45 साल का इंतजार खत्म, बीएमसी में भाजपा का परचम, फडणवीस के पोस्टर शहर में छाए

45 साल का इंतजार खत्म, बीएमसी में भाजपा का परचम, फडणवीस के पोस्टर शहर में छाए

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव नतीजों के बाद मुंबई का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। नतीजों के तुरंत बाद शहर के कई इलाकों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तस्वीरों वाले ‘धुरंधर देवेंद्र’ पोस्टर लगाए गए हैं, जो चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।

बीजेपी ने 227 वार्डों वाली बीएमसी में 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी ताकत दिखाई है। इसके साथ ही पार्टी का बीएमसी में मेयर बनाने का करीब 45 साल पुराना सपना पूरा होने की राह पर है। वहीं, करीब तीन दशक से चल रहा ठाकरे परिवार का दबदबा भी खत्म हो गया है। ये पोस्टर मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष और नवनिर्वाचित नगरसेवक तजिंदर सिंह तिवाना की ओर से लगाए गए हैं। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि ये पोस्टर सिर्फ जीत का जश्न नहीं, बल्कि मुंबई की राजनीति में भाजपा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मजबूत होती पकड़ का संकेत भी हैं।

चुनाव नतीजों की बात करें तो उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट की शिवसेना को 65 सीटें मिली हैं, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को 24 सीटों से संतोष करना पड़ा है। इसके अलावा एमआईएम ने 8, मनसे ने 6, एनसीपी ने 3, समाजवादी पार्टी ने 2 और एनसीपी (एसपी) ने 1 सीट जीती है। कुल मिलाकर, बीएमसी चुनाव नतीजों ने मुंबई की राजनीति की तस्वीर बदल दी है और ‘धुरंधर देवेंद्र’ पोस्टर इसी बदले हुए सियासी समीकरण की सबसे तेज झलक बनकर सामने आए हैं।