शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, मंडी अधिकारी राहुल साहू गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप,  मंडी अधिकारी राहुल साहू गिरफ्तार

कोरबा। जिले में पदस्थ कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू (33) को एक महिला अधिकारी से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ से पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक दोनों की मुलाकात वर्ष 2024-25 में काम के दौरान हुई थी। उस समय राहुल कटघोरा में पदस्थ थे, जबकि पीड़िता दूसरे जिले में कार्यरत थी। बातचीत से शुरू हुई पहचान धीरे-धीरे निजी संबंध में बदल गई। आरोप है कि राहुल ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार 6 फरवरी 2026 को शादी तय हुई थी, लेकिन उससे पहले ही राहुल ने संपर्क कम कर दिया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि आरोपी इस समय रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में पदस्थ है। 19 फरवरी को पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और कोरबा लाया। पूछताछ में आरोपी ने संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।