नरेंद्र कुमार बंछोर छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के चेयरमैन निर्वाचित

विशेष बैठक में सर्वसम्मति से हुआ मनोनयन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

नरेंद्र कुमार बंछोर छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के चेयरमैन निर्वाचित

भिलाई। छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की कार्यकारिणी की विशेष बैठक रविवार, 4 अक्टूबर को पावर जिम, सेक्टर-6, भिलाई में आयोजित हुई। बैठक में नरेंद्र कुमार बंछोर को सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन का चेयरमैन मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित चेयरमैन बंछोर का उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर सीजीपीएलए के महासचिव कृष्णा साहू, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर मिश्रा, पूर्व महासचिव एवं बीएसपी एथलेटिक क्लब के अध्यक्ष परमिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष संतोष देवांगन सहित नश्कर टंडन, महेश पटेल, विक्रमजीत सिंह, जे. भुनेश्वर राव, सुरेंद्र सूरी, आसिफ अली खान, प्रशांत मिश्रा, लोमन सिंह, जयदीप साहू, पीयूष टंडन और धारिणी जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित चेयरमैन नरेंद्र कुमार बंछोर ने सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आगामी पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप सहित अन्य खेल आयोजनों में भी सहयोग करने की बात कही।

नरेंद्र कुमार बंछोर वर्तमान में बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे साइक्लिंग सहित विभिन्न खेल संघों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहयोग करते रहे हैं। बंछोर के चेयरमैन मनोनीत होने पर सीजीपीएलए के मुख्य संरक्षक जी. सुरेश (बाबे), अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा, संरक्षक इंद्रजीत सिंह छोटू, कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी सोनी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पावरलिफ्टिंग कमेटी के सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।