तंत्र-मंत्र से 100 गुना पैसे का झांसा: रायपुर में बीजेपी पार्षद से 3.5 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

तंत्र-मंत्र से 100 गुना पैसे का झांसा: रायपुर में बीजेपी पार्षद से 3.5 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

रायपुर। तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। आरोपी ने पैसों को 100 गुना करने का दावा किया था।

घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पार्षद रुस्तम कुर्रे की मुलाकात करीब एक साल पहले भिलाई के सुपेला निवासी राहुल भारती से हुई थी। काम की तलाश के बहाने राहुल ने उनसे संपर्क बढ़ाया और लगातार फोन कर भरोसा जीत लिया।

4 फरवरी 2026 से राहुल ने उन्हें बताया कि उसके संपर्क में मयंक दास नाम का तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना कर सकता है। झांसे में आकर पार्षद तैयार हो गए।

6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ मंगल बाजार, गुढ़ियारी स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचा। वहां कथित अनुष्ठान की तैयारी कराई गई। पूजा के दौरान मयंक दास ने कैश की मांग की।

रुस्तम कुर्रे ने 500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए उन्हें सौंप दिए। आरोपियों ने अनुष्ठान के नाम पर झोले में नकली नोट भरकर थमा दिए और असली रकम लेकर फरार हो गए।

मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। महज 4 घंटे के भीतर दो संदेहियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी राहुल भारती, निवासी सुपेला भिलाई और मयंक दास, निवासी रिसाली भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे बाइक, एक मोबाइल फोन और ठगे गए पूरे 3.5 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं।