भिलाई सिविक सेंटर में गुरुदेव की प्रतिमा गिरी मिली, कला जगत में रोष


भिलाई। सिविक सेंटर स्थित पायनियर मोन्यूमेंट में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर सहित छह प्रतिमाओं को जमीन पर गिरा हुआ पाए जाने से शहर में नाराज़गी फैल गई है। यह स्थल भिलाई इस्पात संयंत्र के निर्माताओं और भारत सोवियत मैत्री की स्मृति में स्थापित है, ऐसे में यहां लगी प्रतिमाओं की यह स्थिति लोगों को आहत कर गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कला और साहित्य से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक वहां एकत्र हुए और नगर प्रशासन से प्रतिमाओं को तुरंत सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित करने की मांग की।
कला साहित्य मित्र समूह के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मणिमय मुखर्जी ने कहा कि भिलाई हमेशा से सांस्कृतिक एकता और सौहार्द की मिसाल रहा है। ऐसे शहर में गुरुदेव की प्रतिमा का इस तरह गिरा मिलना बेहद दुखद है। उन्होंने इसे सामूहिक संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना बताया।
समूह के अध्यक्ष शक्ति चक्रवर्ती ने साफ कहा कि पायनियर मोन्यूमेंट जैसे गौरवशाली स्थल पर स्थापित प्रतिमाओं को बिना किसी विवाद के उसी स्थान पर दोबारा लगाया जाए और उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए।
शांतनु दासगुप्ता ने कहा कि गुरुदेव के विचार आज भी समाज को प्रेम और शांति का संदेश देते हैं। ऐसे में उनके सम्मान से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
विरोध बढ़ने पर भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और प्रतिमाओं की समुचित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।