-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 37.50 लाख नकद के साथ 6 गिरफ्तार

रायपुर। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजधानी की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नगद, 10 मोबाइल फोन और 3 लग्जरी कारें जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 92 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट को शनिवार को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ लोग चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

3 वाहनों में बैठे मिले 6 आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और गंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए अनुसार 3 अलग-अलग चारपहिया वाहनों को चिन्हांकित कर घेराबंदी की। वाहनों की तलाशी में कुल 6 लोग सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम—
रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन बताया।
मोबाइल जांच में खुला ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन चेक किए तो सामने आया कि वे ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर आगे आईडी वितरण कर रहे थे। इसी के माध्यम से वे खुद भी सट्टा खेल रहे थे और अन्य लोगों को भी क्रिकेट सट्टा खिलवा रहे थे।

कमीशन बेस पर चल रहा था खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने वालों को अलग-अलग बैटिंग साइट्स की मास्टर आईडी कमीशन पर उपलब्ध कराते थे। वहीं जितेन्द्र उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन मास्टर आईडी से ग्राहकों को अलग-अलग आईडी जारी कर कमीशन के आधार पर अवैध लाभ कमा रहे थे।
92.50 लाख की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद: ₹37,50,000, 10 मोबाइल: (कीमत लगभग ₹5 लाख), महिन्द्रा थार (2): CG 04 NU 0313, CG 04 NV 6677 (कीमत लगभग ₹40 लाख), नेक्सा XL6 (1): CG 04 PX 6086 (कीमत लगभग ₹10 लाख), जब्त किए। कुल जुमला जब्ती ₹92,50,000 बताई गई है।
इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना गंज में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा BNS की धारा 112(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
