शासकीय कार्य में बाधा के मामले में बिल्डर मनोज राजपूत को गिरफ्तार कर पुलिस ने मुचलके पर छोड़ा, कुल 6 आरोपी अब तक पकड़े गए

दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक में मार्ग जाम और पुलिस से हाथापाई के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को बीएसएनएल ऑफिस के सामने कुछ लोगों ने जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना अनुमति प्रदर्शन करते हुए मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। मौके पर तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से हाथापाई की गई और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया।
इस घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू और हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं। मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 609/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 126(2) और 191(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने जांच के दौरान पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। इसी क्रम में प्रकरण के एक अन्य आरोपी मनोज राजपूत, उम्र 50 वर्ष, निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उसे जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।
पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति मार्ग अवरुद्ध कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आरोपी का नाम :
1. अनिल वासनिक, उम्र 43 वर्ष, निवासी अंबेडकर नगर, दुर्ग
2. विक्की चंद्राकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी शीतला नगर, दुर्ग
3. दिनेश पाण्डेय, उम्र 35 वर्ष, निवासी गयानगर, दुर्ग
4. राकेश यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी गयानगर, दुर्ग
5. जितेन्द्र बत्रा, उम्र 41 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड, दुर्ग
6. मनोज राजपूत, उम्र 50 वर्ष, निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग
फरार आरोपीगण :
1. शुभम सिंह राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी कर्मचारी नगर, दुर्ग
2. यशवंत सिंह राजपूत, उम्र 33 वर्ष, निवासी बोरसी, दुर्ग
3. ओमप्रकाश कोटवानी
4. गीतेश ठाकुर व अन्य